कानपुर में किन्नर हत्याकांड: CCTV फुटेज से सुराग की उम्मीद, मां ने एक व्यक्ति पर जताया शक

Spread the love

पुनीत शुक्ला,कानपुर।
कानपुर किन्नर काजल और उसके भाई की हत्या के बाद पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की. प्राथमिक जांच में पता चला है कि किन्नर के कमरे के लिए जाने वाला गलियारा गीला था. किरायेदार इस संबंध में कुछ नहीं बता सके. पुलिस जांच कर रही है कि गलियारे की धुलाई किसने की.

हनुमंत विहार थानाक्षेत्र का योगेंद्र विहार इलाका घनी आबादी वाला क्षेत्र है. डबल मर्डर की जानकारी हुई तो पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी होते ही घर के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई. पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से घर में आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई.

सीसीटीवी कैमरे से सुराग मिलने की उम्मीद: किन्नर की मां के एक व्यक्ति पर शक जाहिर करने के बाद पुलिस की टीमें उसकी तलाश करने में लग गई हैं. घटनास्थल से एक घर छोड़कर भाजपा नेत्री का मकान है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. पुलिस की एक टीम को वहां से फुटेज मिलने की पूरी उम्मीद है.

गतिविधियों का आसानी से चल जाएगा पता: देर रात तक पुलिस वहां लगे कैमरे की फुटेज देखती रही. हनुमंत विहार पुलिस के अनुसार, इससे तीन से चार दिन की किन्नर के घर में जाने और आने वालों की गतिविधि का आसानी से पता चल जाएगा. डबल मर्डर की जानकारी पर डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी सर्किल के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति होगी स्पष्ट: कमरे से घटना के साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस के अनुसार लूट की घटना में हत्यारोपी के पकड़े जाने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी कि आखिरकार कितना माल लूटा गया था. रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट होगा कि उनकी हत्या किस तरह की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *