गुजैनी में PNB का एटीएम काटने की कोशिश: गैस कटर लेकर घुसे नकाबपोश चोर, अलार्म बजने पर भागे

Spread the love

कानपुर के गुजैनी थानाक्षेत्र में बुधवार देर रात नकाबपोश चोरों ने पीएनबी बैंक का एटीएम काट कर चोरी करने का प्रयास किया. चोर गैस कटर लेकर एटीएम में दाखिल हुए और मशीन को काट दिया, लेकिन कैश निकालने में नाकामयाब रहे.

सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद होने पर पीएनबी मुख्यालय मुंबई ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस के पहुंचने से दो मिनट पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए. बैंक मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है.

देर रात 1:30 पर एटीएम में दाखिल हुए चोर: बर्रा–8 सब्जी मंडी स्थित करमदेवी मेमोरियल एकेडमी के बगल में पीएनबी बैंक और एटीएम है. ब्रांच मैनेजर दीक्षा मिश्रा ने बताया कि एटीएम में रुपए निकासी और जमा करने की सुविधा है. बुधवार देर रात बारिश के दौरान 1:30 बजे एटीएम में दो नकाबपोश युवक गैस कटर लेकर दाखिल हुए और एटीएम मशीन को काटने लगे. एटीएम में लगे अलार्म बजने पर मुंबई स्थित पीएनबी मुख्यालय को जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी देखे तो सन्न रह गए.

30 मिनट तक किया चोरी का प्रयास: बैंक के मुंबई मुख्यालय ने मामले की जानकारी फौरन बर्रा पुलिस को सूचना दी. बर्रा पुलिस ने छानबीन की तो बैंक गुजैनी थानाक्षेत्र में स्थित होने की जानकारी मिली जिसके बाद रात 2:06 पर गुजैनी पुलिस एटीएम पहुंची, लेकिन दो मिनट पहले ही चोर मौके से फरार हो गए थे.

बैंक मैनेजर ने बताया कि एटीएम में करीब 3 लाख कैश था, जो पूरी तरह सुरक्षित है. घटना की जानकारी पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी योगेश कुमार मौके पर पहुंचे. पहचान छिपाने को सिर पर की थी टेपिंग.

डीसीपी साउथ ने बताया कि वारदात को अंजाम देते हुए चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए है. पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने चेहरा ढंका हुआ था और सिर में टेपिंग की गई थी. बैंक मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *