पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर शहर में कड़ाके की ठंड के बीच कानपुर नगर निगम ने निराश्रित गोवंश की सुरक्षा के लिए अनोखी पहल शुरू की है. लगातार गिरते तापमान और ठिठुरन से बचाने के लिए नगर निगम ने शहर की गौशालाओं और नंदीशालाओं में गायों व बछड़ों को विशेष ‘काउ-कोट’ पहनाने की व्यवस्था की है. ये कोट भगवा रंग के हैं और गोवंश को गर्म रखने के लिए मोटे ऊनी कपड़े से तैयार किए गए हैं.
नगर निगम के अनुसार, इस बार शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए पहली बार बड़े स्तर पर गोवंश के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं. गौशालाओं में अलाव, तिरपाल, बंद शेड, और कमज़ोर व छोटे बछड़ों के लिए अलग से गर्माहट के इंतज़ाम किए गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि निराश्रित गोवंश सबसे ज्यादा ठंड की चपेट में आते हैं, ऐसे में यह पहल गोवंश के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. नगर निगम का दावा है कि इन व्यवस्थाओं के बाद सर्द हवाओं का असर गोवंश पर नहीं पड़ेगा और उनकी सेहत बेहतर बनी रहेगी.

स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम की इस पहल की सराहना की है. कई लोगों का कहना है कि पहली बार किसी नगर निकाय ने इतनी ठंड में गोवंश के लिए इतने व्यवस्थित और मानवीय कदम उठाए हैं.
















Leave a Reply