गंगा बैराज पर 3 पुलिस वालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट अरेस्ट, शराब खरीदते समय CCTV से पहचान

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में गंगा बैराज पर 3 पुलिसवालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है जबकि अन्य 3 की तलाश में दबिश दी जा रही है. सभी आरोपी नशे में धुत थे, पुलिस वालों को रौंदने से पहले आरोपियों ने ठेके से शराब खरीदी थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.

पुलिस वालों को रौंदने के बाद आरोपी औरा कार को फजलगंज स्थित हुंडई के सर्विस सेंटर में खड़ी कर चले गए थे.

ऑरा कार से शराब लेने पहुंचे आरोपी युवक.

दोनों आरोपी श्याम सुंदर ( 23) और अभिजीत (22) रामा यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहे हैं. आरोपी श्याम सुंदर ने कहा- घटना के समय अभिजीत सेल्फी ले रहा था. जब हम लोग गंगा बैराज पर कार लेकर बढ़े तो हमारे सामने इको कार चल रही थी.

हम पीछे थे जैसे ही कार आगे से हटी तो हमें बैरिकेडिंग दिखी नहीं और हम टकराते चले गए. उस समय हम डर गए कि अगर गाड़ी रोकी तो पुलिस वाले नहीं छोड़ेंगे.

मंगलवार यानी 23 दिसंबर को शाम गंगा बैराज पर बैरिकेडिंग लगाकर कोहना थाना प्रभारी प्रतीक सिंह यातायात पुलिस के साथ चेकिंग कर रहे थे. तभी उन्नाव की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने चेकिंग से बचकर भागने के चक्कर में अटल घाट चौकी प्रभारी संजय कुमार, दरोगा पूरन सिंह और होमगार्ड हरिप्रकाश पर कार चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया था. इसमें दरोगा पूरन सिंह का बायां पैर टूट गया था.

5 टीमों की जांच के बाद कार की हुई पहचान: जांच में जुटी कोहना पुलिस कार को ढूंढने में नाकाम साबित रही. इसके बाद डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में पांच टीमें बनाई गईं. इन टीमों का वॉट्सऐप ग्रुप बनाया गया, जिसकी निगरानी डीसीपी सेंट्रल कर रहे थे. पांचों टीमों को अलग–अलग दिशाओं में भेजा गया, जिसके बाद उन्नाव के पास एक शराब ठेके के सीसीटीवी कैमरों में कार कैद हो गई.

कार से पांच युवक उतरते हुए दिखाई दिए, इसके बाद वह ठेके से शराब लेने पहुंचे और कुछ देर बाद कार लेकर रवाना हो गए. आरोपियों ने शराब का पेमेंट यूपीआई आईडी से जरिए किया था जिसके बाद बैंक खाते के जरिए से आरोपियों की पहचान हो गई. वहीं पुलिस कार की तलाश में सीसीटीवी कैमरे तलाशते हुए फजलगंज तक पहुंची.

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- “घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हुंडई के सर्विस सेंटर में कार खड़ी कर गए थे, जहां से कार बरामद की गई. उसके बाद मथुरा के बीटेक छात्र समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *