पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के सचेंडी कस्बे में बुधवार देर शाम पुलिस ने हाईटेक तरीके से बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करों के ठिकाने पर छापा मारा. तीन ड्रोन कैमरों के साथ 70 पुलिस वालों ने पूरे इलाके को घेर लिया. दौड़ाकर सात महिलाओं समेत एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से 3.3 किलो गांजा और 92 हजार कैश बरामद हुए हैं.
हैरानी की बात यह है कि अवैध गांजा कारोबार सचेंडी थाने से महज कुछ दूरी पर ही संचालित हो रहा था. एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके और ट्रेनी आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में टीम ने ड्रोन से निगरानी कर छापेमारी की, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
फरार आरोपी ड्रोन में कैद हैं: पुलिस के अनुसार, मुखबिर से लगातार अवैध तस्करी की सूचना मिल रही थी. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 किलो 300 ग्राम गांजा और करीब 92 हजार रुपए नकद बरामद किए. कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान ड्रोन फुटेज के आधार पर की जा रही है.
पान मसाला की दुकानों से बिक रहा था गांजा: जांच में सामने आया कि आरोपी पान मसाला की गुमटियों से गांजा बेच रहे थे. एक पुड़िया करीब 3 ग्राम की होती थी, जिसे 50 रुपये में बेचा जाता था. पुलिस के मुताबिक, ये लोग रोजाना हजारों पुड़िया बेचते थे और बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहे थे.
7 महिलाएं और 1 युवक गिरफ्तार: छापेमारी में माया गिहार, करिश्मा गिहार, दीपा समेत सात महिलाओं और इंद्रपाल गिहार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बिधनू, कंजड़न पुरवा और मध्य प्रदेश से गांजा सप्लाई किया जा रहा था.
पुलिस बोली- नेटवर्क पूरी तरह तोड़ेंगे: पुलिस अब फरार आरोपियों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन के जरिए निगरानी कर ऐसे अवैध कारोबारों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी. जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.
















Leave a Reply