जाजमऊ में नकाब की दुकान में भीषण आग: 20 लाख का सामान राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका

Spread the love

कानपुर के जाजमऊ इलाके में गुरुवार सुबह एक नकाब की दुकान में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया. सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

दुकान में रखा विदेशी कपड़ा बना राख दुकान मालिक मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि उनकी दुकान केडीए के मदीना मस्जिद तिराहे के पास स्थित है. बुधवार देर रात तक काम करने के बाद वे दुकान बंद कर घर चले गए थे. गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर दुकान से धुआं निकल रहा था. जैसे ही शटर खोलकर अंदर जाने की कोशिश की, आग भड़क गई. किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी.

यूसुफ के मुताबिक, दुकान में रखा कोरिया और चीन से आयातित कपड़ा पूरी तरह जल गया. इस कपड़े की कीमत 600 से 1800 रुपये प्रति मीटर तक थी. हाल ही में लाया गया करीब 2.5 लाख रुपए का नया माल भी आग की भेंट चढ़ गया.

पड़ोसियों की सतर्कता से टली बड़ी घटना: घटनास्थल के पास मौजूद दुकानदार आमिर और सालिम ने बताया कि आग की लपटें देखकर उन्होंने तुरंत पानी डालना शुरू कर दिया. उनकी तत्परता से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था. आग की चपेट में आने से तीन बिजली के केबल भी जल गए, जिससे आसपास के घरों की बिजली बाधित हो गई.

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों को बचा लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *