कानपुर में पुलिस की लुटेरे से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार; लूटी बाइक बरामद

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
बर्रा हाईवे पर तमंचा दिखाकर मोबाइल और बाइक लूटने वाले दो लुटेरों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने जवाबी फायरिंग में एक लुटेरे के पैर में गोली मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा. गुरुवार तड़के लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया था जिसके बाद पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चेकिंग अभियान चला रही थी, फत्तेपुर रोड पर पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग की थी.

योगेंद्र विहार खाड़ेपुर निवासी मोहित निषाद गुरुवार सुबह अपनी बाइक से बर्रा बाईपास की ओर जा रहे थे. हाईवे किनारे स्थित सिंह ढाबा और पेट्रोल पंप के बीच पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने उसे रोक लिया. पल्सर बाइक रोकते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

आरोप है कि उनमें से एक बदमाश ने कमर से तमंचा निकालकर उस पर तान दिया. आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक की चाभी छीन ली उन्हें गाड़ी से नीचे उतरने को कहा. दूसरे आरोपी ने मोबाइल फोन छीन लिया, इसके बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले. एडीसीपी साउथ योगेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था.

गुरुवार रात 2 बजे फत्तेपुर रोड के पास पल्सर बाइक सवार दो युवक आते दिखे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, उसने अपना नाम जूही परमपुरवा निवासी मुन्ना बताया है. आरोपी का साथी फरार हो गया, उसकी तलाश में तीन टीमें लगी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *