पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बर्रा में सिंह ढाबा के सामने से जा रहे युवक को रोक कर उसकी बाइक और मोबाइल लूटने वाले एक आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच कर हैलट अस्पताल भेजा, वहां से पुलिस को चकमा देकर शातिर फरार हो गया. आरोपित की पहचान परमपुरवा निवासी मुन्ना खान के रूप में हुई थी. पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी नेब बताया कि बीते 15 अप्रैल की रात्रि करीब 3.30 बजे इलाके के मोहित निषाद को तमंचे के बलपर रोक कर पल्सर बाइक, 5 हज़ार रुपये और मोबाइल लूट ली गयी थी. मामले में पुलिस पीड़ित के भाई रोहित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश में जुटी थी.
इधर गुरुवार रात्रि लगभग 01:45 बजे फत्तेपुर चौराहा पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर आरोपितों पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपित को हैलट में भर्ती कराया गया, जहाँ से वो फरार हो गया.
जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ होगी कार्रवाई: आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. कई टीमें गठित कर शहर भर में नाकेबंदी कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.













Leave a Reply