पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल के घर के बाहर प्रदर्शन किया और उनकी नेमप्लेट पर जूते-चप्पल बरसाकर विरोध दर्ज कराया.
संसद में महिला आरक्षण अधिनियम बिल गिरने की आंच अब सड़कों तक पहुंच गई है. शनिवार को कानपुर के दामोदर नगर में भारी बवाल देखने को मिला. भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल के आवास का घेराव किया.

आक्रोशित महिलाओं ने सांसद के दरवाजे पर लगी नेमप्लेट पर जूते-चप्पल बरसाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया. भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि समाजवादी पार्टी और उनके सांसदों ने संसद में महिला आरक्षण बिल के खिलाफ वोटिंग कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है.
नेमप्लेट पर जूतें- चप्पलें मारीं: प्रदर्शनकारी महिलाएं नारेबाजी करते हुए सांसद के घर के मुख्य द्वार तक जा पहुंचीं. वहां उन्होंने सांसद की नेमप्लेट को निशाना बनाया और उस पर चप्पलें मारीं. प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जो पार्टियां इस बिल का विरोध कर रही हैं, वे महिलाओं को उनके हक से वंचित रखना चाहती हैं.
सपा ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को कुचला: अनिता गुप्ता सदस्य, महिला आयोग ने कहा कि सपा ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को कुचला है. आरक्षण बिल का विरोध करना यह दर्शाता है कि उन्हें नारी शक्ति की प्रगति से डर लगता है. वहीं, अनीता त्रिपाठी जिलाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा बोलीं कि नरेश उत्तम और उनकी पार्टी ने संसद में जो किया, उसका जवाब आज कानपुर की सड़कों पर दिया गया है.













Leave a Reply