उन्नाव में DCM पलटने के बाद आपस में भिड़ीं दो बसें, एक की मौत; छह घायल

Spread the love

उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डीसीएम पलटने के बाद दो बसें आपस में भिड़ गईं, जिसमें लखनऊ के एक युवक की मौत हो गई. हादसे में छह यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से चार की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

गुरूवार रात 12:45 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. दिल्ली से बस्ती जा रही कूलर लदी डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई तभी लखनऊ की ओर से आ रही बस के चालक ने ब्रेक लगाकर वाहन नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उसके पीछे से आ रही दूसरी बस उसी में पीछे से भिड़ गई.

इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई. हादसे में सात यात्री घायल हुए, जिन्हें एम्बुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया. अन्य का इलाज चल रहा है. एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में आपस में टकराई दोनों बसों में 40-40 यात्री सवार थे. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठ यात्री एक दूसरे पर गिर गए और चीख पुकार मच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया.

घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया. डॉक्टर ने उपचार के दौरान राकेश सिंह (35) पुत्र बहादुर सिंह निवासी गोमती नगर लखनऊ मूल निवास उत्तराखंड को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायलों में दिल्ली के बदरपुर निवासी रविकुमार (25), राजस्थान के झुंझनू जिले के कोदाराकला निवासी सुरेश (45), बीकानेर निवासी रामसुंदर, आजमगढ़ के सुनील (35), देवरिया के मोइनुद्दीन (55) और कुशीनगर के नागेंद्र कुमार (35) शामिल हैं.

चार घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया है. कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि डीसीएम चालक को झपकी आने से हादसा लग रहा है. डीसीएम से बचने में टकराई आपस में दो बसों में एक की मौत हुई है और छह गंभीर घायल हैं. इनमें चार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *