रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर की खागा कोतवाली के अंतर्गत 24 अप्रैल को हुई सामूहिक बलात्कार की घटना में मुख्य आरोपी के पुलिस पकड़ से बाहर होने से पुलिस का संकट बढ़ गया है. हालांकि 7 टीमें लगी हैं और ईनाम की राशि भी 25 से बढ़ाकर 50 हज़ार कर दी गयी है. इधर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपा है.
मालूम हो कि मंगेतर के साथ घूमने गई लड़की से तीन लोगों ने रेप किया जिसमें दो आरोपी ललित सिंह और युवराज सिंह तो गिरफ्तार हो चुके हैं लेकिन तीसरा आरोपी बबलू सिंह सिंगरौर पुलिस को छका रहा है. इस मामले में खागा कोतवाल रमेश पटेल, चौकी इंचार्ज अनीस सिंह पर कार्रवाई हो चुकी है. फरार आरोपी बबलू सिंह की तलाश में 7 टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही है. इसे भाजपा नेता बताया जा रहा है.
इधर आज दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश गिहार, कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी, मोहित मिश्रा, मिस्बाहुलहक, राजेंद्र लोधी, एमएल श्रीवास सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने प्रशासन से मांग की कि पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए. उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कठोरतम सजा देने की अपील की. साथ ही, उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा और उचित मुआवजा प्रदान करने की भी मांग की.
पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश गिहार ने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने तथा कड़ी सजा देने की मांग की. गिहार ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और सुरक्षा देने पर भी जोर दिया. पूर्व जिला अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक अपना संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.
















Leave a Reply