अयोध्या दर्शन करके लौट रहे 6 लोगों की मौत, जालौन में 100 की रफ्तार में ट्रक में घुसी टवेरा

Spread the love

UP के जालौन में 100 की रफ्तार में टवेरा हाईवे पर पीछे से ट्रक में घुस गई. हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हैं. टवेरा सवार अयोध्या से रामलला के दर्शन कर ललितपुर जा रहे थे.

हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए. 30 मिनट तक कार में ही तड़पते रहे. सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार के गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला. हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर शहर से 55 किमी दूर कालपी में हुआ.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ. श्रद्धालुओं ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिस वजह से एयरबैग भी नहीं खुले. इसी कारण हादसे में 6 लोगों की जान चली गई.

मरीज 10 मिनट तक एम्बुलेंस में तड़पते रहे: ललितपुर के महरौनी के रहने वाले शशिकांत तिवारी (49) अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे. कार में 10 लोग सवार थे। सोमवार तड़के दर्शन के बाद कार से लौट रहे थे. सुबह 6 बजे जैसे ही उनकी कार कालपी क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ के पास पहुंची, ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे टवेरा अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे। देखा तो कार में लोग बुरी तरह फंसे हुए थे. उन्हें निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं हो सके. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गैस कटर मंगवाया. इसके बाद कार के दरवाजे काटे गए और सभी को बाहर निकाला गया। तब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी थी.

10 मिनट तक एम्बुलेंस में ही तड़पते रहे: पुलिस ने 6 लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया लेकिन वहां वार्ड बॉय मौजूद नहीं था. मरीज करीब 10 मिनट तक एम्बुलेंस में ही तड़पते रहे. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया. यहां दो और लोगों की मौत हो गई. बाकी 4 को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर कानपुर रेफर कर दिया गया. 

हादसे की सूचना पर एसपी और डीएम अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. डीएम राजेश कुमार पांडेय ने बताया- “महरौनी के रहने वाले श्रद्धालु 30 अप्रैल को राम-जानकी मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. इस दौरान कुछ मूर्तियां खंडित हो गई थीं, जिनका विधि-विधान से विसर्जन किया जाना था. इसी मामले में 2 मई की शाम 10 श्रद्धालु अयोध्या आए थे.” सरयू नदी में मूर्तियों का विसर्जन किया. राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया. 4 मई की सुबह ललितपुर के लिए लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया.

हादसे में मरने वालों की पहचान शशिकांत त्रिपाठी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज नामदेव के रूप में हुई है. घायलों में हरिमोहन, अंशुल, शिवानंद और भूषण तिवारी शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *