घाटमपुर CHC से महिला ने बच्चा चुराया, खुद को नर्स बताकर घुसी, सात सेकंड में लेकर भागी

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के घाटमपुर सीएचसी में बच्चा चोरी करने का मामला सामने आया है. एक महिला ने खुद को स्टाफ नर्स बताकर मां के पास लेटे बच्चे को उठा लिया. वह जांच की बात कहकर बच्चे को बाहर लेकर जाने लगी.

इसी दौरान बच्चे की मां चीखने-चिल्लाने लगी. आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड और परिजनों ने महिला को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया.

पूछताछ में महिला बच्चे को खिलाने की बात कहने लगी. वह बार-बार अपना नाम और पता अलग-अलग बता रही है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें महिला वार्ड से बच्चा लेकर जाती नजर आ रही है. पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

घाटमपुर थाना क्षेत्र के बम्हौरी गांव निवासी अवनीश किसान हैं। उनकी पत्नी मंजू (22) गर्भवती थीं। डिलीवरी के लिए रविवार को उन्हें घाटमपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। शाम को मंजू ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद मां और बच्चे को जच्चा-बच्चा वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

रात करीब 10 बजे एक महिला वार्ड में पहुंची। वह काफी देर से वहां घूम रही थी। उसने खुद को स्टाफ नर्स बताया। फिर जांच के बहाने बच्चे को गोद में उठा लिया। मंजू कुछ समझ पातीं, उससे पहले महिला बाहर निकल गई।

मंजू ने तुरंत पति अवनीश को फोन किया। अवनीश वार्ड के बाहर ही था। महिला बच्चे को लेकर अस्पताल गेट की तरफ जाने लगी। तभी अवनीश और सिक्योरिटी गार्ड ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

दोपहर से टहल रही थी, 7 सेकेंड में बच्चा लेकर भागी

सोमवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखा कि महिला रविवार दोपहर से ही सीएचसी में घूम रही थी। वह गर्भवती महिलाओं से बात कर रही थी। हालचाल पूछ रही थी। शक से बचने के लिए वह स्टाफ रूम की तरफ भी जा रही थी। इससे सभी उसे नर्स समझ रहे थे।

महिला ने खुद को नर्स बताया। फिर जांच के बहाने नवजात को मां से ले लिया। इसके बाद वह बच्चे को लेकर बाहर जाने लगी। कुछ ही सेकंड में महिला वार्ड से निकल गई। तभी प्रसूता को शक हुआ। वह पीछे दौड़ी और शोर मचा दिया। इसके बाद महिला को पकड़ लिया गया।

एक सप्ताह के पांच बार सीएचसी में दिखी महिला

पूछताछ में पता चला कि महिला पिछले एक सप्ताह में करीब 5 बार घाटमपुर सीएचसी आई थी। वह जच्चा-बच्चा वार्ड में भी दिखी थी। इससे आशंका है कि वह पहले से बच्चा चोरी की योजना बना रही थी।

घटना के बाद पुलिस सीएचसी पहुंची और चिकित्साधीक्षक डॉ. पवन सचान से बात की। अस्पताल स्टाफ से भी जानकारी जुटाई गई।

एसीपी बोले- तहरीर के आधार पर करेंगे कार्रवाई

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद महिला को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

महिला पूछताछ में अपने बारे में अलग-अलग जानकारी दे रही है। उसकी ओर से दी गई जानकारी से अब तक पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *