केस्को के स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब होंगे पोस्टपेड, जून से मिलेगा नया बिजली बिल

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
केस्को ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव किया है. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के निर्देश पर अब सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदला जा रहा है.केस्को एमडी नेहा जैन ने प्रेसवार्ता में बताया कि 10 जून के बाद उपभोक्ताओं को पोस्टपेड बिजली बिल मोबाइल पर एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए भेजे जाएंगे. इसके लिए विभाग में दर्ज मोबाइल नंबर का उपयोग किया जाएगा.

केस्को MD के अनुसार मई 2026 की बिजली खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड सिस्टम के तहत जारी होगा. उपभोक्ताओं को बिजली बिल SMS और WhatsApp के माध्यम से भेजे जाएंगे. हर महीने की 10 तारीख तक बिल जारी करने की व्यवस्था की गई है.

जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर विभाग में अपडेट नहीं हैं, उन्हें बिल मिलने में परेशानी हो सकती है। ऐसे उपभोक्ता WhatsApp नंबर 8287835233 पर अपनी संयोजन संख्या भेजकर बिल प्राप्त कर सकते हैं. शिकायत और जानकारी के लिए हेल्पलाइन 1912 और टोल फ्री नंबर 1800 410 1912 भी जारी किया गया है.

केस्को MD नेहा जैन ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को पुराने बकाये का भुगतान 10 किश्तों में करने की सुविधा दी जाएगी. वहीं अन्य श्रेणी के उपभोक्ता तीन किश्तों में भुगतान कर सकेंगे. विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील की है.

1.31 लाख उपभोक्ताओं के लगे थे स्मार्ट प्रीपेड मीटर: शहर में 7 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें करीब 1.31 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए गए थे. स्मार्ट मीटरों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और उपभोक्ताओं के विरोध के बाद शासन ने इन्हें पोस्टपेड में बदलने के आदेश जारी किए थे. इसी के तहत केस्को ने ऑटोमेटिक कन्वर्जन प्रक्रिया शुरू की, जिसमें अब तक अधिकांश मीटर पोस्टपेड किए जा चुके हैं.

नए कनेक्शन भी होंगे पोस्टपेड: एमडी ने स्पष्ट किया कि अब बिजली विभाग की ओर से लगाए जाने वाले नए स्मार्ट मीटर भी पोस्टपेड कनेक्शन के रूप में दिए जाएंगे. पोस्टपेड व्यवस्था में बिल जारी होने के बाद उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए 15 दिन का समय मिलेगा. इसके बाद भी बिल जमा नहीं होने पर 7 दिन बाद बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी. हालांकि उन्होंने साफ किया कि पहला पोस्टपेड बिल जारी होने तक किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा.

ज्यादा बकाया पर 10 किश्तों की सुविधा: घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए केस्को ने ज्यादा बकाया होने की स्थिति में बिल को 10 किश्तों में जमा करने की सुविधा देने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *