पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में अपने प्रेमी को जेल से छुड़वाने को लेकर पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में लगे 50 फीट ऊंचे टावर पर एक नागालिग लड़की चढ़ गई. चढ़ते ही चिल्लाने लगी कि मेरे पति को छोड़ दो नहीं तो यहां से कूदकर जान दे दूंगी. टावर पर किशोरी को देखकर आसपास काफी संख्या में भीड़ जुट गयी.
घटना की सूचना पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा, डीसीपी हेडक्वार्टर दिनेश चंद्र त्रिपाठी, स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव समेत करीब 6 थानों का फोर्स पहुंच गया.
मौके पर पहुंचे स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव ने उसको समझाने की कोशिश की. बोले- टावर से नीचे उतर आओ, तभी बात हो सकेगी, चलो तुम्हे जज साहब के पास ले चलेंगे… जिस पर उसने कहा कि जब तक मेरे पति जेल से नही छूटेंगे तब तक मैं टावर से नहीं उतरूंगी.
अपर पुलिस आयुक्त विपिन ताडा बोले- नीचे उतर जाओ लेकिन वह नहीं मानी. मंगलवार दोपहर में करीब 1 घंटे के ड्रामे के बाद पुलिस आरोपी युवक को डेढ़ बजे कोर्ट से लेकर पहुंची. उसको देखने के बाद वह टावर से उतरी और उसके गले से लिपट कर रोने लगी. पुलिस ने उसको काउंसलिंग के लिए पुलिस लाइन भिजवाया. इसके बाद आरोपी युवक को जेल भेज दिया.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने बताया- 22 अक्टूबर 2025 को सचेंडी थाना क्षेत्र की एक नाबालिग गायब हो गई थी. उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी. 26 अक्टूबर 2025 को उसको बरामद कर बिठूर के रहने वाले युवक को गिरफ्तार किया गया था.
आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. पीड़िता के मेडिकल के बाद मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गई थी. नवबंर 2025 को आरोपी के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई थी.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया- आरोपी ने किशोरी को ले जाने के बाद आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था. इसके बाद से आरोपी जेल में है.
मंगलवार यानी 12 मई को आरोपी युवक को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था. कोर्ट में आरोपी से मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर वही नाबालिग लड़की दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस ऑफिस के पीछे बने वायरलेस कम्युनिकेशन टावर पर चढ़ गई और कूदने की बात कहने लगी.
महिला पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रही: प्रत्यक्षदर्शी संदीप सिंह एडवोकेट ने बताया- एक नाबालिग लड़की है. उससे दुष्कर्म के आरोपी युवक को पास्को एक्ट में जेल भेजा गया है. उसी को छुड़वाने के लिए वायरलेस टॉवर पर चढ़ गई है. कह रही है पुलिस की कार्यशैली पर विश्वास नहीं है. जब कोई बचाने जाता है तो और ऊपर चढ़ जाती है. पुलिस वाले लैडर ले आए तो महिला कूदने लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे अलग रख दिया है.
लड़के के परिवार वाले धमकी दे रहे थे: घटना के बाद नाबालिग की मां पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची. लड़की की मां ने बताया- 22 अक्टूबर 2025 मेरी लड़की को लड़का भगा ले गया था. उसी के खिलाफ सचेंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. लड़का जेल में है. आज कोर्ट में तारीख लगी थी. लड़की के बयान होने थे। लड़के वालों के परिजन मिले थे और धमकी दे रहे थे कि मेरा लड़का छुड़वा लो.
लड़की को वही लोग कहीं पर रखे हैं। आज हमारे पास लड़की आई थी और बैठ गई मेरे पास. मेरे पास एक बोतल रखी थी जो उसे लग गई तो वो रोने लगी. मैंने कहा- मुझे परेशान मत करो, तुम दूर बैठो. इसके बाद वो भाग गई और टावर पर चढ़ गई. हमें न्याय चाहिए. मेरा मदद कोई नहीं है. पति बीमार हैं और मजदूरी करते हैं. मैं पैरों से विकलांग हूं.
















Leave a Reply