पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में गत 8 मई को हुई होजरी कारोबारी विजय कुमार चौरसिया की हत्या के मामले में पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है. पुलिस और हत्या के मुख्य आरोपी विशाल गुप्ता के बीच हुई मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए. हत्या के विरोध में मंगलवार शाम मृतक के परिजनों और व्यापारियों ने सिरकी मोहाल से कैंडल मार्च निकाला. कैंडल मार्च सिरकी मोहाल से होते हुए, नारियल बाजार, काली माता मंदिर, शिवाला बाजार होते हुए बड़ा चौराहा तक पहुंचा. इस दौरान कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हत्यारों को फांसी दो… पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए.
सिरकी मोहाल निवासी होजरी कारोबारी विजय कुमार चौरसिया की 8 मई शुक्रवार शाम सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उनका शव सवाई सिंह का हाता के जर्जर मकान की सीढि़यों पर मिला था. वह घटना से पूर्व अपनी दुकान पर थे. उन्हें सामने के रेस्टोरेंट संचालक का बेटा विशाल गुप्ता स्कूटी से बिठाकर हाते के पास ले गया. सीसीटीवी कैमरे में हत्या के बाद भी वह अकेले की जाता हुए नजर आया था.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली, फीलखाना, मूलगंज, कलक्टरगंज, हरबंश मोहाल समेत अन्य थानों का फोर्स लगाया गया था. एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को आरोपी विशाल के बिठूर से गंगा बैराज की ओर जाने की जानकारी मिली. पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिस पर आरोपी गंगा बैराज की ओर भागने लगा, जहां उसकी स्कूटी फिसल गई, जिस पर वह झाड़ियों में छिपने लगा.
पुलिस टीम के पीछा करने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी फायरिंग में विशाल के बाएं पैर में गोली लगी. पुलिस ने मौके से तमंचा, स्कूटी बरामद कर आरोपी को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है.
















Leave a Reply