कानपुर की चकरपुर मंडी में भीषण आग: 30 से ज्यादा दुकानें स्वाहा, करोड़ों के नुकसान की आशंका

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के चकरपुर सब्जी मंडी में गुरुवार दोपहर अचानक से आग लग गई. देखते ही देखते एक आढ़त से भड़की आग ने पूरे चबूतरे नंबर-6 को अपनी चपेट में ले लिया और 30 से ज्यादा दुकानें धू-धू कर जल उठीं. आढ़तियों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुटी हुई हैं.

आढ़ती भी पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आग ने देखते ही देखते इतना विकराल रूप ले लिया कि आढ़तियों ने खुद अपनी-अपनी दुकाने छोड़कर भाग निकले और जान बचाई. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने चबूतरा संख्या-6 की सभी दुकानों को अपनी चपेट में लिया,

मुन्ना ब्रदर्स की आढ़त से शुरू हुई आग: चश्मदीदों के मुताबिक, चबूतरा नंबर-6 पर स्थित मुन्ना ब्रदर्स की फल आढ़त में दोपहर अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग आसपास की दुकानों तक पहुंच गई. मंडी में रखी प्लास्टिक की कैरेट के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. हालात ऐसे हो गए कि आग की लपटें करीब 40 से 50 मीटर तक ऊंची दिखाई देने लगीं, जिन्हें दूर से भी देखा गया.

शुरुआत में कई आढ़ती बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग बेकाबू हो गई.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका: प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा. इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में लगी हुई है और जल्द स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा.

एक सिलेंडर भी आग की चपेट में आया. पुलिस ने ठंडा करने के लिए उसे पानी में फेंक दिया.

आग से करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल प्रशासन दुकानों के नुकसान का आकलन कराने में जुटा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *