कानपुर में कल से कूड़ा उठाने का काम बंद: निजीकरण का मुखर विरोध, प्रदर्शन-नारेबाजी

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दिए जाने के विरोध में गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर मुख्यालय में जमकर प्रदर्शन किया और कर्मचारी नेता रमाकांत मिश्र ने ऐलान कर दिया कि कल से कूड़ा नहीं उठेगा. दोपहर से ही कर्मचारी नगर निगम परिसर में जुटने लगे और देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी एकत्रित हो गए.

नारों से गूंज उठा नगर निगम: कर्मचारी संघ के नेताओं ने परिसर में जोरदार नारेबाजी की। “इंकलाब जिंदाबाद” और “निजीकरण बंद करो” जैसे नारों से नगर निगम परिसर गूंज उठा। कर्मचारियों ने एक सुर में कहा कि यदि अधिकारियों ने निजी कंपनी के टेंडर को निरस्त नहीं किया तो वे कार्यबहिष्कार करने को मजबूर होंगे.

नगर निगम परिसर में बैठे सफाई कर्मचारी.

नगर आयुक्त ने समय नहीं दिया: उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री अजीत बाघमार ने कहा कि नगर निगम प्रशासन सफाई कर्मचारियों को निजी कंपनियों के हाथों बेचने का काम कर रहा है. इसका लगातार विरोध किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर अब तक दो आम सभाएं की जा चुकी हैं और कई बार नगर आयुक्त से मिलने के लिए पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक समय नहीं दिया गया.

नगर निगम को दी चेतावनी: उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही टेंडर निरस्त नहीं किया गया तो सफाई कर्मचारी कार्यबंदी की घोषणा करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी. इस मौके पर रमाकांत मिश्रा, विनोद रावत, हरिओम बाल्मीकि और चमन खन्ना आदि रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *