पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रावतपुर में विनायकपुर स्थित रिद्धि होटल में पुलिस और क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की. स्टिंग कैमरे के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मौके से 9 युवकों और 3 युवतियों को हिरासत में लिया है.
आरोपियों के पास से चार्जरनुमा स्टिंग कैमरे, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं. होटल के कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है.
पुलिस ने 9 युवकों को हिरासत में लिया है.
कमरे में छिपाकर लगाते थे कैमरे: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी होटल के कमरों में चार्जर के आकार के गुप्त कैमरे लगाकर वहां आने वाले लोगों की निजी वीडियो रिकॉर्डिंग करते थे. इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की उगाही की जाती थी. पुलिस को लंबे समय से होटल में इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी. मुखबिर की सटीक जानकारी पर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त टीम बनाकर होटल में छापा मारा.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच जारी: छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों को मौके से पकड़ा और उनके मोबाइल फोन व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस कब्जे में लिए. पुलिस अब इन उपकरणों की जांच कर रही है, जिससे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. होटल संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
ACP बोले- अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिल रही थी: मामले में आशुतोष कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रावतपुर के विनायकपुर स्थित रिद्धि होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं. यहां आने वाले लड़के-लड़कियों के कमरे में चार्जरनुमा कैमरा लगाकर वीडियो बनाई जाती थी और बाद में उसी के आधार पर वसूली की जाती थी. उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply