पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बैजा खेड़ा गांव में बुधवार की सुबह एक घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया. भोर पहर करीब पांच बजे गांव के किसान सुरेंद्र पासवान (55) पुत्र भिखारी पासवान अपने भाई वीरेंद्र, पत्नी और बेटी के साथ खेतों में गुलाब के फूल तोड़ने गए थे.
तभी अचानक एक तेंदुआ पीछे से आकर सुरेंद्र पर टूट पड़ा. हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. पारिवारिजन दौड़कर पहुंचे और किसी तरह सुरेंद्र को बचाया, लेकिन तब तक तेंदुए ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया था.
मकई के खेत में घुस गया तेंदुआ: सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को सीएचसी में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि हमला करने के बाद तेंदुआ पास के मकई के खेत में घुस गया है, जिसे ग्रामीणों ने चारों तरफ से घेर रखा है.
नहीं पहुंची वन विभाग की टीम: वन विभाग की टीम को सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक मौके पर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचा है. इससे ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों व्याप्त हैं. लोग लगातार यह मांग कर रहे हैं कि वन विभाग तुरंत कार्रवाई करे और तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाए, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके.
















Leave a Reply