रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में करंट लगने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई. यह घटना असोथर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मजरे रिठवां गांव में हुई. बच्चे ने घर में चल रहे फर्राटा पंखे की केबल पकड़ ली थी, जिससे उसे करंट लगा. परिजनों ने बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही इलाज करने की कोशिश करते रहे.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी संदीप कुमार का पुत्र राघवेंद्र सिंह (3) सुबह करीब सात बजे घर में खेल रहा था. खेलते समय उसने कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे की केबल पकड़ ली. बताया जा रहा है कि केबल में करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया.
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को बचाने पहुंचे. उसकी हालत बिगड़ चुकी थी. ग्रामीणों के अनुसार, परिजनों ने बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही उपचार का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मासूम की मां शांति देवी और पांच वर्षीय बड़ा भाई रुद्र प्रताप सिंह सदमे में हैं. इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
असोथर थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि मामले की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई है. उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई तहरीर मिलती है, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply