महाराजपुर में किसान हत्याकांड का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; फावड़ा बरामद

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित किसान हत्याकांड का पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर दिया है. मंदिर में सो रहे किसान कालीशंकर की गला काटकर हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद किया गया है.

गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी शुभम

बीती 03 जून की देर रात महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी कालीशंकर निषाद का शव मंदिर के पास पड़ा मिला. कालीशंकर रोज की तरह घर के सामने बने मंदिर में सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया. घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की गई. मृतक की पुत्री निशा की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कई टीमों को खुलासे में लगाया गया. जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी शुभम पुत्र रामकुमार को कटरी गंगा किनारे स्थित काली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया.

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गंगा किनारे से हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया. पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है. वहीं हत्या की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करने पर डीसीपी पूर्वी द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *