पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में ड्रग्स सप्लायर की तलाश में कंजड़नपुरवा में शुक्रवार तड़के पुलिस की रेड पड़ी. कंजड़नपुरवा में सुबह 4 बजे पांच थानों में तैनात 150 पुलिसकर्मी हर एंट्री-एग्जिट प्वाइंट से बस्ती में घुसे तो इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर बस्ती के एक-एक घर की निगरानी की. करीब 75 संदिग्ध घरों में चला तलाशी अभियान.
छापेमारी की भनक लगते ही, कई सप्लायर्स घरों में ताला बंद कर फरार हो गए. तकरीबन 5 घंटे चली छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो घरों से 10 किलो मादक पदार्थ बरामद कर 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को लाउड स्पीकर से चेतावनी दी कि अगर ड्रग सप्लाई की गई तो बहुत बुरे अंजाम भुगतने पड़ेंगे, जीवन सलाखों के पीछे ही कटेगा.

अलग-अलग रास्तों से बस्ती में घुसती पुलिस टीमें.
जिला समन्वय समिति की बैठक में उठा था मुद्दा: गुरुवार को जिला समन्वय समिति की बैठक में प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों के साथ कानून व्यवस्था की स्थिति का भी प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जायजा लिया. इस दौरान शहर में मादक पदार्थों की बड़े पैमाने में खरीद–फरोख्त का मुद्दा भी हावी रहा था.
इसी के बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी का गढ़ माने जाने वाले कंजड़नपुरवा में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बर्रा, किदवई नगर, गोविंद नगर, जूही, बाबूपुरवा की टीम ने कंजड़नपुरवा में तड़के चार बजे छापेमारी की.
50 दरोगा, 80 पुरुष कांस्टेबल, 24 महिला कांस्टेबल समेत 150 पुलिसकर्मियों की अलग–अलग टीमें अलग-अलग रास्तों से बस्ती में घुसी तो इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने ड्रग सप्लायर्स के संभावित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. दबिश के दौरान पुलिस ने ड्रोन के जरिए पूरी बस्ती की निगरानी कर 75 संदिग्ध घरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। भोर पहर हुई छापेमारी की कार्रवाई लोग छतों से झांक-झांक कर देखते नजर आए.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया- छापेमारी का उद्देश्य ड्रग सप्लायर्स के सिंडिकेट को तोड़ने का है. ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले है। छापेमारी के दौरान 10 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, सप्लायर्स कहां से ड्रग लाते है, किसको बेचा जाता है, कहां रखा जाता है, ड्रग सप्लाई चेन में कौन–कौन शामिल है। इन सभी तथ्यों पर जानकारी जुटाई जा रही है.
















Leave a Reply