फ्री में रजनीगंधा नहीं दिया तो दरोगा-सिपाही ने धमकाया, कहा- ‘तेरा दिमाग खराब हो गया है’

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में एक चौकी प्रभारी और सिपाही पर बुजुर्ग दुकानदार से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. महाराजपुर थाना के पुरवामीर स्थित बाबा जलपान गृह चलाने वाले 70 साल के रामशरण सिंह ने कहा- सिपाही और चौकी प्रभारी फ्री का रजनीगंधा मांगते हैं. फिर मामूली देरी होने पर चौकी प्रभारी ने गालियां दी। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सामने आया है.

2 मिनट 51 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा- एक सिपाही दुकानदार से रजनीगंधा मांगता है. इतने में सिपाही अपने साथी दरोगा से कहता है कि अभी नहीं मिलेगा. फिर दरोगा दुकान पर आता है। दुकानदार से कहता है- इधर आ… तेरा दिमाग खराब हो गया है। दुकान में घुसकर गालियां देता है. फिर रजनीगंधा लेकर और पैसे देकर दरोगा, सिपाही चले जाते हैं. वहीं, चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है.

दुकानदार रामशरण सिंह ने पुलिसवालों पर अभद्रता के आरोप लगाए हैं.

व्यापार मंडल ने पुलिस अफसर से की शिकायत: उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. संगठन ने स्पष्ट किया है कि व्यापारी समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी दरोगा-सिपाही के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है.

व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) को एक शिकायत पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले की जांच की बात कही जा रही है.

चौकी प्रभारी बोले- दुकानदार ने झूठे आरोप लगाए: चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा- पिछली रात वह चोरों को पकड़कर ले जा रहे थे, तभी उन्होंने एक सिपाही को पैसे देकर दुकान से पानी की बोतल मंगवाई थी. 15 मिनट तक सिपाही के न आने पर वह खुद दुकान पहुंचे, जहां देरी को लेकर दुकानदार से कहासुनी हो गई. उन्होंने किसी भी अभद्रता से इनकार करते हुए दुकानदार द्वारा लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताया है.

महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा- “इस मामले में जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *