पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर सोमवार देर रात को पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘से नो टू ड्रग्स’ के तहत बड़ी सफलता मिली है. नेतृत्व में गठित दो विशेष टीमों ने 600 किलो से अधिक मादक पदार्थ से लदे ट्रक को पकड़कर एक अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है.
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. पुलिस पकड़े गए तस्करो से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की तलाश मे छापेमारी कर रही है.
कई किलोमीटर तक पीछा करने पर शातिर को दबोचा: सोमवार देर रात को क्राइम ब्रांच व रावतपुर पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर एक ट्रक कानपुर से होकर गुजरने वाला है. सूचना के आधार पर सक्रिय हुई पुलिस टीमों ने ट्रक की तलाश शुरू की.
संदिग्ध ट्रक दिखाई देने पर पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक ट्रक लेकर भागने लगा. करीब 15 किलोमीटर तक चले पीछा करने के बाद जीटी रोड पर ट्रक को घेराबंदी कर रोक लिया गया.
तलाशी के दौरान ट्रक से 600 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद हुआ. मौके से ट्रक चालक एवं तस्कर लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा का रहने वाला है और यह खेप उड़ीसा से आगरा ले जाई जा रही थी. रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न महानगरों में इसकी आपूर्ति की जानी थी.
पुलिस पूछताछ में जमशेद, जावेद और जुनैद नामक व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके ने बताया कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का मामला प्रतीत हो रहा है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. अब तक की यह सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी मानी जा रही है.
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
















Leave a Reply