कानपुर गंगापुल पर ट्रक ने कार को टक्कर मारी, दो SBI कर्मी बाल-बाल बचे, लगा 3km लंबा जाम

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर-उन्नाव सीमा पर स्थित गंगापुल पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग पर जा चढ़ी. इस हादसे में कार में सवार दो एसबीआई कर्मी बाल-बाल बच गए. दुर्घटना के कारण पुल पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित हुआ.

चकेरी के श्यामनगर निवासी एसबीआई कर्मचारी अमित शर्मा अपने सहकर्मी निशांत शर्मा के साथ उन्नाव के गगनखेड़ा स्थित एसबीआई शाखा में ड्यूटी पर जा रहे थे. गंगापुल पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग पर चढ़ गई.

प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत कार सवारों को बाहर निकाला। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. यदि सुरक्षा रेलिंग न होती तो कार नीचे गंगा नदी में गिर सकती थी.

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. इस घटना के कारण रामादेवी से उन्नाव की ओर जाने वाले फ्लाईओवर और पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. करीब तीन किलोमीटर लंबे जाम में फैक्ट्रीकर्मी, ऑफिसकर्मी और अन्य यात्री भीषण गर्मी में घंटों फंसे रहे.

सूचना मिलने पर यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. लगभग 45 मिनट तक चले बचाव और यातायात संचालन अभियान के तहत क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया. इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.

टीएसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से जाम की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि क्रेन की सहायता से कार को हटाकर यातायात सुचारु कर दिया गया है और फरार ट्रक चालक की पहचान की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *