बर्रा में तेज रफ्तार बाइक सड़क पर फिसली, एक की दर्दनाक मौत; दो की हालत नाजुक

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में बर्रा बाईपास हाईवे पर जल निकासी के निकले ड्रेन पाइप में बाइक का हैंडल फंसने से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, कांशीराम अस्पताल ले जाने के दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो अन्य घायलों की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है।

आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक नौबस्ता की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक एलिवेटेड फ्लाईओवर पर जल निकासी के लिए निकले पाइप में जा फंसी, जिससे तीनों उछल कर करीब 20 मीटर दूर जाकर गिरे.

सैलून जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक: जूही परमपुरवा निवासी अधिवक्ता नूर ने बताया कि उनके दो बच्चे चांदनी व 20 साल का बेटा नावेद शेख उर्फ चंदू था. चांदनी की शादी हो चुकी थी, जबकि नावेद मुंबई में एक कंपनी में काम करता था. कुछ समय पहले ही वह नौकरी छोड़कर शहर आया था. परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर नावेद घर से सैलून जाने की बात कहकर मोहल्ले में रहने वाले अच्छे के बेटे नूरे अंसारी (18) व जिलानी के 22 वर्षीय बेटे राशिद के साथ अपनी बाइक से निकला था.

वह बर्रा बाईपास से होकर नौबस्ता की ओर जा रहे थे, बाइक नावेद शेख चला रहा था. वह धूप से बचने के लिए तेज रफ्तार बाइक हाईवे किनारे दौड़ा रहे थे. बाइक सवार हाईवे पर स्थित कुलदीप मोटर्स के पास पहुंचे ही थे, तभी उनकी बाइक का हैंडल फ्लाईओवर की जल निकासी के लिए हाईवे के नीचे उतरे पाइप में फंसने से अनियंत्रित हो गई जिससे तीनों करीब 20 मीटर दूर उछलकर दूर जा गिरे. आसपास मौजूद दुकानदारों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.

मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को कांशीराम अस्पताल भिजवाया, जहां नावेद ने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नूरे अंसारी और राशिद को हैलट अस्पताल रेफर किया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

अल्लाह की चीज, अल्लाह ने ले ली: इकलौते बेटे की मौत की जानकारी पर नावेद के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन–फानन में कांशीराम अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें बेटे का खून से लथपथ शव मिला. भाई का शव देख बहन चांदनी बेसुध हो गई. मां बिलखते हुए बोली कि– ऊपर वाले ये क्या कर दिया, जिस पर नावेद के पिता ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि अल्लाह की चीज थी, अल्लाह ने ले ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *