10 मिनट के तूफान ने मचायी इटावा में तबाही, चित्रकूट में ऑडिटोरियम की छत उड़ी; 3 की मौत

Spread the love

आशू चौहान, इटावा।
इटावा जनपद में मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान ने कुछ ही मिनटों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. शहर के विजयनगर रोड स्थित दिव्यांशी हॉस्पिटल के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज हवाओं के कारण एक लोहे की चादर उड़कर सड़क पर आ गिरी. इस दौरान वहां से गुजर रही एक महिला उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

इस आंधी-तूफान ने इटावा के अलावा चित्रकूट, फिरोजाबाद और सीतापुर में भारी नुकसान पहुंचाया. चित्रकूट में 4.5 करोड़ के श्यामाप्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई. सीतापुर में लखनऊ बॉर्डर के पास हाईवे पर पेड़ उखड़कर गिर गया. नीचे दबने से सफाईकर्मी की मौत हो गई. फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से एक मौत हो गई. पत्नी और बेटी बुरी तरह घायल हो गए.

तूफान ने पूरे इटावा शहर में भारी नुकसान पहुंचाया. कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. पेड़ गिरने की घटनाओं में कई बाइक और चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. जानकारी के अनुसार तीन सरकारी वाहनों पर भी पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है.

महज 10 मिनट तक चले इस तूफान ने इटावा की तस्वीर बदल दी. जगह-जगह टूटे पेड़, बिखरे टीन शेड और क्षतिग्रस्त वाहन इसके असर की गवाही देते नजर आए. प्रशासन और नगर पालिका की टीमें रात में ही सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने और यातायात सुचारु करने में जुट गईं. राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बावजूद किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है. हालांकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

वैसे यूपी में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है. प्रदेश में बुधवार से प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होने जा रहा है. बुधवार तड़के नोएडा-गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई. हालांकि, बाकी शहरों में तेज धूप निकली.

मौसम विभाग ने आज 35 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली-ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है. 17 शहरों में हीटवेव (लू) का भी अलर्ट है. IMD के मुताबिक, कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा. इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा. लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- “यूपी में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. कहीं लू चल रही है तो कहीं आंधी-बारिश हो रही है. कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इससे प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी. 15-16 जून आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलता रहेगा. मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा. 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *