पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में शुक्रवार को पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. युवकों के दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर पथराव, फायरिंग और देसी बम चले। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महज 40 सेकेंड के भीतर चार धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है.
फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना पनकी थाना क्षेत्र स्थित एफ ब्लॉक की है। स्थानीय लोगों ने कहा- यहां युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। आए दिन झगड़ा होता है। महिलाओं और बेटियों का गली से निकलना मुश्किल हो गया है
अभय यादव और साथियों पर हमला करने का आरोप स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए. आरोप है कि अभय यादव अपने कई साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और कटरा निवासी नीतेश दुबे पर हमला कर दिया. इस दौरान दोनों ओर से पथराव हुआ। हमलावरों ने देसी बम फेंकने के साथ फायरिंग भी की. गोली लगने से नीतेश दुबे गंभीर रूप से घायल हो गया.
गोली लगते ही मची अफरा-तफरी घटना के दौरान हुई फायरिंग और धमाकों से इलाके में भगदड़ मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल LLR अस्पताल पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
CCTV में कैद हुई वारदात घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हमला करते और धमाकों के बाद भगदड़ मचती दिखाई दे रही है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है. आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है.
थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी पनकी थाना प्रभारी दिनेश बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है. घायल युवक के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
















Leave a Reply