कानपुर देहात के डेरापुर-रूरा मार्ग पर दो बाइकों में भिड़ंत, किसान समेत दो की मौत

Spread the love

कानपुर देहात के डेरापुर-रूरा मार्ग पर गलुआपुर में पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं. हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को जानकारी देकर तीनो को गंभीर हालत में सीएचसी डेरापुर भेजा. वहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल को मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर कर दिया. पुलिस ने बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र के बदनपुर निवासी 25 वर्षीय जगदेव पुत्र जगराम गांव के ही 40 वर्षीय चिंटू पुत्र रघुनाथ के साथ बाइक से रूरा की ओर आ रहा था.

डेरापुर-रूरा मार्ग पर गलुआपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास डेरापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से उन दोनों के साथ ही दूसरी बाइक से जा रहे बल्दी पुरवा डेरापुर निवासी साठ वर्षीय जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को जानकारी देकर तीनों को सीएचसी डेरापुर भेजा. वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ वरुण ने जांच के बाद चिंटू व जय प्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद जगदेव को मेडिकल कालेज अकबरपुर रेफर कर दिया.

हेलमेट नहीं पहने थे: दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. मृतक जयप्रकाश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: उनके दो बेटे हैं, जिनमें सरदार बीएसएफ में जवान हैं, जबकि शिवम खेती में उनका हाथ बंटाता है. हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी फूलकली और बेटे शिवम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. दो मौतों से गांव में भी मातम पसर गया है.

इंस्पेक्टर डेरापुर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *