रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में रिंद नदी में एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी.
सूचना पाकर जहानाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने नदी से शव को बाहर निकाला. युवक की अनुमानित आयु 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए उसके फोटो और हुलिए से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कर रही है, ताकि जल्द से जल्द उसकी पहचान हो सके और परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके.
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि रिंद नदी में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. शव को नदी से निकालकर कब्जे में ले लिया गया है. मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं और इसके लिए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं. उन्होंने आगे बताया कि शिनाख्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.
















Leave a Reply