कानपुर देहात में फिर डंपर का कहर: दो सौ मीटर घिसटे बुलेट सवार, दो की दर्दनाक मौत

Spread the love

कानपुर देहात में टिड्डी झुंड की तरह दौड़ रहे खनन माफियाओं के डंपरों का कहर बद्दस्तूर जारी है. अभी दो दिन पहले एक चाय बेंचने वाली को निशाना बनाया था तो अब बीती शाम को बुलेट सवारों पर कहर बरपा जिसमें ना केवल टक्कर मारी बल्कि भागने की कोशिश में करीब दो सौ मीटर तक घायल बाइक सवारों को घसीटता ले गया जिसका नतीजा यह हुआ कि दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी. डंपर चालक की इस हरकत से बाइक में आग लग गई. राहगीरों ने आग बुझाई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई. यह खौफनाक घटना मूसानगर थाना क्षेत्र के हलिया घाट मोड़ के पास हुई.

मिली जानकारी के अनुसार घायल गल्ला व्यापारी पुत्र, पिता समेत तीनों को पुखरायां सीएचसी भेजा गया. वहां युवक व गल्ला व्यापारी के पिता की मौत हो गई गल्ला व्यापारी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. अंतरामपुर निवासी गल्ला व्यापारी अभिषेक सिंह (30) अपने पिता रूप सिंह (55) और साथी अजय (30) के साथ बउवां सराय अनाज खरीदने गए थे. वे तीनों बुलेट पर सवार होकर शाम करीब 6:30 बजे लौट रहे थे. हलिया घाट मोड़ के पास पेट्रोल पंप के लिए जैसे ही बुलेट मोड़ी तो सामने से घाटमपुर की ओर से आ रहे डंपर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बुलेट डंपर के नीचे नीचे फंस गई और तीनों लोग लगभग 200 मीटर तक डंपर के साथ घिसटते चले गए. सड़क पर रगड़ने से बुलेट में आग लग गई जिसे राहगीरों ने मिट्टी डालकर बुझाया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. डंपर का चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया.

पुलिस ने तीनों घायलों को पुखरायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. वहां डॉक्टर राजवीर ने अजय और रूप सिंह को मृत घोषित कर दिया. अजय की असामयिक मृत्यु से उनके परिजन, पिता रामचंद्र, मां भगवान देवी और भाई संजय व नीरज, गहरे सदमे में हैं. परिजन के मुताबिक, मृतक अजय की शादी नहीं हुई थी और वह दिहाड़ी मजदूरी करता था.

थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने जानकारी दी कि घायल गल्ला व्यापारी अभिषेक सिंह को चिकित्सा महाविद्यालय अकबरपुर रेफर किया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है. डंपर के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है. परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *