कानपुर में चचेरे भाई की हत्या करने वाले का एनकाउंटर: दोनों पैर में लगी गोली, परिवार से मिलने आया था

Spread the love

कानपुर में घर घुसकर वैन चालक की हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी छिपकर शनिवार रात करीब 2 बजे अपने परिवार से मिलने आया था. सूचना पर साढ़ पुलिस ने रमईपुर-जहानाबाद मार्ग पर स्थित कुन्दौली मोड़ के पास चेकिंग शुरू की.

बाइक से आते समय जब पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाश के दोनों पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान साढ़ थाना क्षेत्र के सुहेल उर्फ रानू के रूप में बताई है.

घाटमपुर ACP कृष्णकांत ने बताया- “पुलिस मुठभेड़ में हत्या और लूट के मामले में मुख्य आरोपी सुहेल उर्फ रानू को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है. आज उसे कोर्ट में पेशकर जेल भेजा जाएगा.”

लूटने गए थे, मारने का कोई इरादा नहीं था: पुलिस पूछताछ में मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी सुहेल उर्फ रानू ने बताया- वह सिर्फ लूट करने के इरादे से गया था, मुमताज को मारने का कोई इरादा नहीं था. लेकिन वह अपने पास कुल्हाड़ी लेकर सो रहा था विरोध पर उसने कुल्हाड़ी उठा ली.

इस दौरान अपने बचाव में मैंने कुल्हाड़ी छीनकर मुमताज पर कई वार कर दिए थे. आरोपी सुहेल उर्फ रानू ने कहा- उसने लालच में आकर लूट का प्लान बना लिया था.

साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय मुमताज उर्फ कल्लू पराग डेयरी की गाड़ी चलाते थे. वह अपनी पत्नी शाहजहां और 4 महीने की बेटी के साथ परिवार से अलग खेत में मकान बनाकर रहते थे. उनका पुराना घर गांव में ही करीब 1 किलोमीटर दूर है. पत्नी ने बताया- वह पहले सऊदी अरब रह चुके हैं. वहां से आने के बाद यहीं ड्राइविंग का काम करने लगे थे.

पत्नी बोली- छत के रास्ते से घुसे थे दो बदमाश: पत्नी शाहजहां ने बताया- रात में खाना खाने के बाद हम लोग सोने चले गए। करीब 12 बजे अचानक छत से दो बदमाश घर में घुस आए. सभी ने चेहरे पर काले कपड़े बांध रखे थे. बदमाशों ने मुझे पकड़ लिया और पति से कहा कि तुम्हारे पास जो जेवर हैं, दे दो.

इसके बाद पति पर कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी. फिर मुझे भी मारना शुरू कर दिया. बदमाश बार-बार कह रहे थे कि तुम लोगों के पास बहुत जेवर हैं, दे दो. मैंने कहा- मेरे पास जेवर होते तो हम लोग जंगल में पड़े होते. बच्ची अलग पड़ी थी.

सूचना पर पहुंची पुलिस को जांच में पता चला कि मुमताज की चचेरे भाई सुहेल उर्फ रानू और उसके दोस्त आशीष उर्फ काशी ने हत्या की.

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि रानू और मुमताज के बीच पुरानी रंजिश थी. इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया. सोमवार को पुलिस ने आरोपी आशीष को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया. वहीं, रानू फरार चल रहा था.

पुलिस ने आरोपी का बंद कर दिया था अकाउंट: पुलिस ने उसका अकाउंट और आर्थिक मदद के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं. उधर, हत्याकांड से जुड़ा डीवीआर पुलिस को लक्ष्मणपुर गांव के तालाब के पास मिल गया है। डीवीआर सही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *