हादसों के बावजूद नहीं बाज आ रहे स्टंटबाज, कानपुर के बिठूर में 20 फीट ऊंची रेलिंग से गंगा में छलांग

Spread the love

कानपुर के बिठूर में गंगा घाटों पर लगातार हो रहे हादसों के बावजूद युवक और किशोर जान जोखिम में डालकर गंगा में छलांग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं. मंगलवार को ब्रह्मावर्त घाट पर युवकों और किशोरों के गंगा में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

वीडियो में कुछ किशोर करीब 20 फीट ऊंची रेलिंग पर चढ़ते और वहां से गंगा में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं. घाट पर मौजूद लोगों ने इस खतरनाक मौत के स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस वीडियो के आधार पर छलांग लगाने वाले युवकों और किशोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर आए दिन युवक मौज-मस्ती के नाम पर इस तरह के खतरनाक स्टंट करते हैं, लेकिन हादसे के बाद भी इन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है.

सोमवार को दो मौसेरे भाइयों की डूबने से हुई थी मौत: जिस ब्रह्मावर्त घाट के पास मंगलवार को युवक और किशोर गंगा में छलांग लगाते दिखाई दिए, उसी क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो चुका है. गुदारा घाट पर स्नान करने के दौरान चकरपुर मंडी निवासी दो मौसेरे भाई सतीश सोनकर (18) और आशिक सोनकर (16) गंगा के गहरे पानी में चले गए थे. दोनों की डूबने से मौत हो गई थी. हादसे के बाद घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए थे.

इसके बावजूद अगले ही दिन ब्रह्मावर्त घाट पर युवकों और किशोरों का इस तरह जान जोखिम में डालना गंभीर चिंता का विषय है. वायरल वीडियो में जिस तरह किशोर ऊंची रेलिंग पर चढ़कर गंगा में छलांग लगा रहे हैं, उससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.

तमाशबीन बने लोग, मोबाइल में कैद करते रहे खतरनाक करतब: वीडियो में कुछ लोग इस खतरनाक करतब को रोकने के बजाय मोबाइल से रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं. युवकों में गंगा में छलांग लगाने को लेकर होड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक गंगा का जलस्तर और बहाव बढ़ने के दौरान इस तरह छलांग लगाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. पानी की गहराई का अंदाजा न होने और तेज बहाव के कारण युवक गहरे पानी में जाकर डूब सकते हैं.

पुलिस वीडियो के आधार पर करेगी कार्रवाई: वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर छलांग लगाने वाले युवकों और किशोरों की पहचान कराने में जुटी है. साथ ही घाट पर इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा घाटों पर ऊंची रेलिंग और प्रतिबंधित स्थानों से छलांग लगाने वालों पर सख्ती की जाए, ताकि दोबारा कोई अनहोनी न हो. लगातार हो रहे हादसों के बावजूद गंगा में खतरनाक छलांग का यह वीडियो जिम्मेदारों के लिए चेतावनी है. समय रहते ऐसे लोगों पर रोक नहीं लगी तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.

थाना प्रभारी बोले पहचान कर सभी पर होंगी कार्रवाई: बिठूर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया की स्टंट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. जल्द ही सभी पर कठोर कार्रवाई की जायेगी. वायरल वीडियो की जाँच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *