कानपुर में गुरुवार दोपहर ई-बस को ट्रैक्टर से खींचकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. घटना दोपहर करीब 2 बजे झकरकटी से रामादेवी की ओर सीओडी मार्ग की बताई जा रही है. करीब 1 मिनट 4 सेकंड के चार वीडियो में ई-बस को ट्रैक्टर के सहारे सड़क पर ले जाते देखा जा सकता है.
जानकारी के मुताबिक, ई-बस की बैटरी खत्म होने के कारण वह रास्ते में बंद हो गई थी. बस में सवार यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य तक भेजा गया. इसके बाद बस को ट्रैक्टर की मदद से अहिरवां स्थित डिपो ले जाया गया.
खराब बस में चालक के साथ दो लोग भी दिखे: वायरल वीडियो में बस को ट्रैक्टर से खींचे जाने के दौरान चालक के अलावा दो अन्य लोग भी अंदर बैठे नजर आ रहे हैं. इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं कि खराब बस को टो करते समय उसमें अन्य लोगों को क्यों बैठाया गया। साथ ही, टोइंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन हुआ या नहीं, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
निजी टोइंग संसाधन को लेकर उठे सवाल: ई-बस सेवा उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग के अंतर्गत संचालित होती है. कानपुर में इसका संचालन कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (KCTSL) करती है.
जानकारों के मुताबिक, ई-बसों के रखरखाव और संचालन से जुड़ी कंपनी के पास अपना निजी टोइंग संसाधन नहीं है. ऐसे में शहर में ई-बस खराब होने पर उसे कई बार ट्रैक्टर के जरिए डिपो तक पहुंचाया जाता है.
विभाग की ओर से अभी बयान नहीं: वायरल वीडियो को लेकर फिलहाल संबंधित विभाग या KCTSL की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इसलिए वीडियो में दिख रही पूरी परिस्थितियों और बस में मौजूद दो अन्य लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है.
















Leave a Reply