अमेठी हत्याकांड के मुख्य आरोपी चंदन वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अमेठी के शिवरतनगंज इलाके में पति-पत्नी और दो बेटियों की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी चंदन वर्मा की तलाश में जुटी हुई थी. आरोपी चंदन वर्मा के व्हाट्स ऐप स्टेटस ने सबको चौंका दिया थी. दरअसल, चंदन ने स्टेटस में लिख रखा था कि ‘पांच लोग मरने जा रहे हैं, मैं जल्द ही आपको दिखाऊंगा.’
जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद चंदन वर्मा को खुद को भी गोली से उड़ाना चाहता था. संभवत: इसीलिए उसने 5 लोगों की हत्या की बात अपने स्टेटस पर लिखी थी. पुलिस चंदन की तलाश में छापेमारी कर रही थी. शुक्रवार को उसे अमेठी से गिरफ्तार कर लिया गया.

परिजनों ने चंदन वर्मा पर लगाए आरोप
अमेठी जिले के शिवरतनगंज इलाके में टीचर फैमिली की हत्या से परिजन गहरे सदमे में हैं. पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही चारों शव रायबरेली के गदागंज स्थित गांव पहुंचे वहां कोहराम मच गया. इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पुलिस फोर्स, क्षेत्रीय विधायक, सपा और कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी भी रही. वहीं, मृतक के घरवालों ने भावुक होते हुए कैमरे के सामने आपबीती सुनाई. साथ ही इस हत्याकांड के दोषी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की.

मृतका पूनम भारती (मृतक टीचर सुनील की पत्नी) की मां ने आरोप लगाए, ‘चंदन वर्मा (हत्या का आरोपी) लगातार बेटी को परेशान कर रहा था. 18 अगस्त को दर्ज कराए मुकदमे के बाद वह बेटी पूनम के साथ-साथ मां, बाप और सुनील को भी धमका रहा था. कहता था कि सुलह कर लो, नहीं तो मैं कुछ भी कर दूंगा. चंदन बेटी की गंदी फोटो भेजता था और ब्लैकमेल कर परेशान करता था.’
















Leave a Reply