कानपुर में थाना प्रभारी नशा करके जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ अभद्रता करते हैं। कई सब-इंस्पेक्टर ऐसे हैं, जो आए दिन शराब के नशे में रहते हैं और जनता के प्रति उनका व्यवहार भी अच्छा नहीं है. यह शिकायत कानपुर के जनप्रतिनिधियों ने कानपुर पुलिस कमिश्नर से की.
शहर की कानून व्यवस्था और आमजनों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने रविवार को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस बैठक में मेयर, सांसद, जिले के सभी विधायक मौजूद रहे. इसमें सभी विधायकों ने एक मत होकर कानपुर के कुछ थाना प्रभारियों और दरोगाओं की कार्यशैली के प्रति असंतोष जताया.
साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरुक: पुलिस कमिशनर की बैठक में जनप्रतिनिधियों को साइबर अपराधों की भी जानकारी दी गई. इसके साथ ही उन्हें बताया गया कि पुलिस लगातार लोगों को जागरुक करने के लिए अभियान चला रही है. वहीं एक शॉर्ट फिल्म भी बनाई गई है, जिसे प्रदर्शित कर लोगों को जागरुक किया जा रहा है.
वहीं पुलिस ने जनप्रतिनिधियों से अपील करी कि वह आमजनों को साइबर अपराधों के प्रति जागरुक करने के लिए अभियान चलाएं. उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों से जुड़ी जानकारी आमजन 1930 पर दे सकते हैं. जनप्रतनिधि अपनी सभाओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में इसकी जानकारी लोगों को दें, जिससे आमजनों को अपराधों से बचाया जा सके.
शहर में लगे कैमरों को रखा जाए एक्टिव: जनप्रतनिधियों की बैठक में पुलिस ने शहर में लगे कैमरों को एक्टिव रखने के लिए कहा। जिससे ऑपरेशन त्रिनेत्र को बेहतर तरीके से चलाते हुए अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके. वहीं शहर में लगने वाले जाम, कुछ थाना क्षेत्रों में बिक रहे सूखे नशे जैसी समस्या को भी गंभीरता से उठाया गया.
इस पर पुलिस कमिशनर ने बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. वहीं शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए यातायात पुलिस तत्परता से काम कर रही है. नगर निगम शहर में हुए अतिक्रमण को हटवाए, इसमें पुलिस उनका पूरा सहयोग करेगी वहीं गंभीर हादसों को देखते हुए हाईवे पर ई-रिक्शा के संचालन पर रोक की बात भी कही गई.
ये जनप्रतिनिध रहे मौजूद: कमिश्नर की बैठक में मेयर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, एमएलसी सलिल विश्नोई, पूर्व मंत्री व विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, मोहित सोनकर उर्फ राहुल बच्चा, सरोज कुरील, अभिताभ बाजपेयी, मोहम्मद हसन रूमी, स्वप्निल वरुण मौजूद रहे.
















Leave a Reply