सर्वेश कुशवाहा, कानपुर।
कानपुर में जाजमऊ के ताड़बगिया में मंगलवार सुबह ससुरालीजनों ने महिला को मारापीटा जिसकी जानकारी पाकर महिला की मां और भाई बीच बचाव करने पहुंचे तभी महिला के ससुराल पक्ष की ओर से आये एक युवक ने फायर झोंक दिया जिसमें महिला के मायके पक्ष के लोग बाल बाल बच गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। साथ ही मौके से एक खोखा भी बरामद किया है.
उन्नाव के गंगाघाट स्थित अखलाक नगर निवासी मोहर्रम अली उर्फ राजू ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने अपनी बहन का विवाह जाजमऊ ताड़बगिया निवासी गोलू के साथ किया था लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपित ससुरालीजन बहन से मारपीट करते थे. गोलू नौकरी के चलते मुम्बई में रहता है. मंगलवार सुबह भी बहन को ससुरालीजनों ने किसी बात को लेकर विवाद किया और मारापीटा. जिसके बाद बहन ने उन्हें सूचना दी तो वह मां सहदुन निशां के साथ बहन की ससुराल बीच बचाव करने पहुंचे.
इसी दौरान ससुराल की तरफ से कुछ युवक आ गए. मामला शांत होने के बाद जब राजू अपनी मां के साथ ई रिक्शे में सवार होकर वापस अपने घर जाने लगे. तभी एक युवक ने उनपर फायर झोंक दिया जिससे गोली ई रिक्शे की हेड लाइट में लगी. वही गोली चलने के बाद आरोपित मौके से भाग निकले.
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया. थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के ससुरालीजनों और मायके पक्ष के बीच हुए विवाद में गोली चलाई गई है. मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply