मेयर-पार्षदों का विवाद: डिप्टी CM के सामने पहुंचा, केशव ने BJP पार्षदों को लखनऊ बुलाया

Spread the love

कानपुर नगर निगम में मेयर और भाजपा पार्षदों के बीच चल रहा विवाद अब डिप्टी सीएम तक पहुंच चुका है. भाजपा के पार्षदों ने मंगलवार को सीएसए में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात करके उन्हें अपनी बात बताई जिसके बाद डिप्टी सीएम ने सभी पार्षदों को लखनऊ बुलाया है.

प्रेसवार्ता में नगर निगम में पार्षदों द्वारा उठाए जा रहे बंटी टैक्स के मुद्दे पर डिप्टी सीएम के सामने रखा गया. उनसे जब बंटी टैक्स के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए मुस्कुराकर जवाब दिया कि ‘ये क्या है’? इसके बाद वह प्रेसवार्ता खत्म करके सीएसए से रवाना हो गए.

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कानपुर पहुंचे थे. सीएमए मैदान में उनका हैलीपैड बनाया गया था. जहां पर भाजपा के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. मेयर और उनके बेटे बंटी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले भाजपा के पार्षद भी यही पहुंच गए थे.

हेलीकॉप्टर उड़ने में देर हो जाएगी, लखनऊ आओ: सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कानपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं. सीएसए मैदान में उनका हेलीकॉप्टर उतारा गया. कानपुर मेयर प्रमिला पांडेय, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी सलिल बिश्नोई, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया.

इस दौरान नगर निगम के भाजपा पार्षद भी उनसे मिलने पहुंचे और अपनी समस्या बताई. भाजपा दक्षिण के जिलाध्यक्ष ने पार्षदों की मुलाकात केशव प्रसाद मौर्य से कराई, जिसके बाद डिप्टी सीएम ने सभी पार्षदों से मजाकिया अंदाज में उनसे कहा कि मौसम खराब है. हेलीकॉप्टर उड़ने में देर हो जाएगी. इसलिए सभी लखनऊ आकर पूरी समस्या उन्हें बताएं.

नगर निगम के भाजपा पार्षदों ने सीएसए पहुंचकर डिप्टी सीएम से मुलाकात की.

हमारे जिलाध्यक्ष सुलझा लेंगे सारा विवाद: सीएसए में ही डिप्टी सीएम ने प्रेसवार्ता की और मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उनसे मेयर और पार्षदों के विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह बहुत छोटी समस्या है. इसे जिलाध्यक्ष और क्षेत्रिय अध्यक्ष ही मिलकर सुलझा लेंगे क्योंकि यह इतना बड़ा मामला नहीं है. परिवार में छोटी मोटी चीजें होती रहती हैं और इसे सुलझाने के लिए संगठन के पदाधिकारी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *