पुनीत शुक्ला, कानपुर।
यूपी के कानपुर में प्रेमिका के बच्चे को लेकर भाग रहा प्रेमी पकड़ा गया है. वह शादीशुदा प्रेमिका से मिलने शुक्रवार को बिहार से दिल्ली पहुंचा. प्रेमिका से साथ चलने को कहा तो उसने मना कर दिया. इससे हेमंत कुमार नाराज हो गया. उसने महिला के एक साल के बेटे को खिलौना दिलाने के बहाने किडनैप कर लिया. उसे अगवा कर विक्रमशिला से भाग निकला.
इधर, महिला को काफी देर तक बेटा नहीं मिला तो उसने दिल्ली के कपसेरा वेस्ट थाने में हेमंत के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की. जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे के साथ विक्रमशिला एक्सप्रेस पर चढ़ा है.
इसके बाद पुलिस ने कानपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस को अलर्ट भेजा. जैसे ही ट्रेन शुक्रवार रात स्टेशन पर पहुंची, आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने ट्रेन को घेर लिया. फिर तलाश के दौरान बच्चे को बरामद किया. RPF की महिला कॉन्स्टेबल ने रो रहे बच्चे को सीने से लगाकर पुचकारा, उसे चुप कराया. फिर बच्चा सो गया। शनिवार सुबह बच्चे की मां और परिजन कानपुर पहुंचे, जहां आरपीएफ ने बच्चे को मां को सौंप दिया.

RPF की महिला कॉन्स्टेबल ने बच्चे को पुचकारा, उसे चुप कराया.
कानपुर सेंट्रल पर रुकी ट्रेन, आरोपी गिरफ्तार: कानपुर सेंट्रल स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने बताया- शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे विक्रमशिला एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने ट्रेन को घेर लिया. हर कोच की तलाशी ली गई. पीछे के कोच में आरोपी बच्चे के साथ बैठा मिला. आरपीएफ को देखकर वह छिपने लगा, लेकिन फोटो के आधार पर टीम ने उसे पहचान लिया और गिरफ्त में ले लिया.
उन्होंने बताया- आरपीएफ पोस्ट पर पूछताछ के दौरान आरोपी पहले टालमटोल करता रहा. जब उसे बताया गया कि उसके खिलाफ दिल्ली में अपहरण की एफआईआर दर्ज है, तब उसने जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह चाहता था कि बच्चे के अगवा होने के बाद महिला उसके पीछे-पीछे आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
कॉन्स्टेबल ने बच्चे को दूध पिलाया और सीने से लगाकर सुलाया: बच्चा भीड़भाड़ और पूछताछ के दौरान अचानक रोने लगा। इस दौरान आरपीएफ की महिला कॉन्स्टेबल ने उसे सीने से लगाकर घंटों बहलाया और उसके लिए दूध की बोतल मंगाकर दूध पिलाया. उसका डाइपर तक चेंज किया. इसके बाद बच्चा शांत हुआ और उसके बाद हीटर की गर्मी मिलने के बाद महिला कॉन्स्टेबल की गोद में सो गया, तब जाकर आरपीएफ ने राहत की सांस ली.

आरोपी हेमंत कुमार को बच्चे के साथ RPF और GRP के जवानों ने पकड़ा है.
मां को सौंपा गया बच्चा, आरोपी जेल जाएगा: बच्चे की बरामदगी की सूचना मिलते ही उसकी मां, परिजन और दिल्ली पुलिस कानपुर पहुंची. शनिवार सुबह आरपीएफ ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया. उधर, आरोपी हेमंत को शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply