कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. घर की दूसरी मंजिल की छत पर खेल रहा डेढ़ साल का मासूम नीचे गिर गया. गंभीर हालत में उसे रामा मेडिकल कॉलेज मंधना ले जाया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
चार साल की बहन के साथ खेलते समय हुआ हादसा: बड़ीमनो गांव निवासी सतीश पेंटिंग का काम करते हैं. परिवार में पत्नी खुशबू, चार साल की बेटी मान्या और 18 माह का बेटा यश है. पिता के मुताबिक, शनिवार सुबह वह काम पर चले गए थे. उस समय दोनों बच्चे दूसरी मंजिल की छत पर खेल रहे थे, जबकि पत्नी घर के काम में लगी थी. इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा.
इलाज के दौरान तोड़ा दम: हादसे की जानकारी होते ही परिजन और गांव के लोग बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन शनिवार देर रात इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई. इकलौते बेटे की मौत से मां कई बार रो-रोकर बेहोश हो गई, पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
चौबेपुर थाना प्रभारी ने बताया कि रामा मेडिकल कॉलेज से घटना की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने इसे हादसा बताया है, किसी तरह का आरोप लगाए जाने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply