कानपुर के बिधनू में ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरी, चालक लापता; 3 किमी का लंबा जाम

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित रामगंगा नहर पुल पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिर गई. ग्रामीणों ने चालक समेत ट्रैक्टर के नहर में गिरने की सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लापता चालक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन करीब एक घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका. चालक का मोबाइल फोन भी स्विचऑफ जा रहा है. डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा खानपुर निवासी धीरज ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर सीढ़ी इटारा से कानपुर की ओर जा रहे थे. जैसे ही वह कानपुर-सागर हाईवे पर बिधनू के रामगंगा नहर पुल के पास पहुंचे, आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दी इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी.

क्रेन से निकाली गई ट्रैक्टर-ट्रॉली, तलाश जारी: घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने एनएचआई की क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहर से बाहर निकलवाया. इसके बाद गोताखोरों को उतारकर नहर में चालक की तलाश कराई जा रही है. बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई है, ट्रैक्टर बाहर निकाल लिया गया है और चालक की तलाश लगातार जारी है.

सकरा है रामगंगा नहर पुल, रेलिंग सिर्फ शोपीस: कानपुर-सागर हाईवे पर बिधनू में बना रामगंगा नहर पुल काफी सकरा है. यहां एक साथ दो वाहनों के निकलने में दिक्कत होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएचआई द्वारा लगाई गई रेलिंग मजबूत नहीं है और हल्की टक्कर में ही टूट जाती है. इसी वजह से आए दिन वाहन नहर में गिरने की घटनाएं हो रही हैं.

हाइवे पर तीन किलोमीटर लंबा जाम: हादसे के बाद रामगंगा नहर पुल से दोनों ओर कानपुर-सागर हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया. घाटमपुर की ओर कठेरुआ तक और कानपुर की ओर मगरसा तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने एक-एक लेन से यातायात चालू कर जाम खुलवाया. इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *