जालौन में 100 की स्पीड में कार गिरी नहर में, शीशा तोड़कर लटक गयी लाश; चाचा-भतीजे की मौत

Spread the love

जालौन में कार सवार चाचा-भतीजे की नहर में डूबने से मौत हो गई. इनमें से एक की लाश कार का शीशा तोड़कर बाहर लटकी मिली. दोनों दवा लेकर घर लौट रहे थे. तभी रास्ते में कार से बाइक की भीषण टक्कर हो गई. इससे बाइक सवार दंपती बुरी तरह से घायल हो गए.

घटना के बाद दोनों चाचा-भतीजे बुरी तरह से घबरा गए. वहां से स्पीड में टाटा पंच कार दौड़ा दी। दोनों घटनास्थल से 2 किमी पहुंचे थे कि तभी कार नहर में जा गिरी. राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकलवाया. घटना कोटरा थाना क्षेत्र की है.

कार को निकालते समय बॉडी शीशे से बाहर लटकी रही.

पुलिस और स्थानीय लोगों को कार निकालने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. चिकनी मिट्टी होने की वजह से कार बार-बार फिसल जा रही थी.

घर में आज भतीजी की शादी होनी है: पचीपुरा गांव के रहने वाले जितेंद्र सिंह (50) और इंद्रपाल सिंह (55) रिश्ते में चाचा-भतीजे थे. इंद्रपाल सिंह अयोध्या के लाल कोठी आश्रम की शाखा के ट्रस्टी थे जबकि, जितेंद्र सिंह गुर्जर खेती-किसानी करते थे. जितेंद्र सिंह की भतीजी की शादी आज कोंच के शकुंलता पैलेस में होनी है.

दोनों बुधवार को सुबह 4 बजे जितेंद्र सिंह की टाटा पंच कार से पथरी की दवा लेने के लिए कोटरा गए थे. वहां से वापस लौट रहे थे. करीब 11:30 बजे कोटरा-ऐट मार्ग के करथरा मोड़ पर उनकी कार की टक्कर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से हो गई. बाइक पर गणेशगंज के रियाज अपनी पत्नी के साथ थे.

बाइक को टक्कर मारकर भागे: टक्कर के बाद रियाज और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर जुटी भीड़ को देखकर जितेंद्र घबरा गया। उसने कार की स्पीड बढ़ा दी. तेज रफ्तार में कार बिनौरा नहर पुल पर पहुंचते ही बेकाबू होकर नहर में जा गिरी.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कोटरा थाना प्रभारी विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.

डॉक्टरों ने उरई रेफर किया: नहर में गिरी कार को जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से घायल दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. इसके बाद घटना की जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *