कानपुर के आनंद ऐश्वर्या अपार्टमेंट में एक तेज रफ्तार कार चालक ने वृद्धा को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा के सिर पर गंभीर चोट आ गई. वृद्धा को आनन-फानन में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई. वहीं, घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक की तलाश करनी शुरू कर दी है.
अपार्टमेंट के अंदर कार सीख रहा था चालक
ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक सिविल लाइंस के आनंद ऐश्वर्या अपार्टमेंट निवासी मनोज कुमार गुप्ता का बेटा तुषार गुप्ता कार लेकर जा रहा था कि तभी घरों में काम करके लौट रही ग्वालटोली निवासी जगपति (65) पत्नी स्व. मुन्ना यादव को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला उछल कर अलग जा गिरी. ये देख तुषार डर गया और उसकी कार एक खंभे से टकरा कर रुक गई. हादसे के बाद तुषार मौके से भाग निकला. वहीं, आसपास के लोग महिला को हैलट अस्पताल ले गए. लोगों का कहना है कि तुषार कार सीख रहा था, तभी हादसा हो गया.
सिर पर आई गंभीर चोट
जगपति पिछले कई सालों से इस अपार्टमेंट में लोगों के घरों में काम करने के लिए आती थी. टक्कर लगने से जगपति के सिर पर गंभीर चोट आ गई, जिसके चलते उसके सिर से काफी खून बह गया. हैलट में उचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया.
वहीं, ग्वालटोली पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया लोगों से बात करने पर पता चला है कि तुषार नाम का व्यक्ति कार चला रहा था. कार सीख रहा था कि नहीं ये जांच का विषय है. फिलाहल हम लोग वहां के सीसीटीवी फुटेज निकाल रहे हैं और फरार चालक की तलाश कर रहे हैं. अभी मृतका के परिवार से किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है. तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जायेगा.
















Leave a Reply