कानपुर के सनिगवां में वर्चस्व व वसूली के विवाद में किन्नरों में खूनी संघर्ष, मारपीट व फायरिंग

Spread the love

कानपुर के चकेरी थानांतर्गत सनिगवां में क्षेत्र में वसूली के विवाद में किन्नरों के दो पक्षों में विवाद के चलते एक पक्ष ने घेरेबंदी कर दूसरे पक्ष के किन्नरों को बीच सड़क पर मारापीटा. साथ ही पथराव कर फायरिंग भी की जिससे पीड़ित पक्ष के चार किन्नर घायल हो गये. घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव का प्रयास किया तो आरोपितों ने उनसे भी हाथापाई की. पुलिस ने आरोपितों की एक कार समेत आरोपित को हिरासत में लिया है. पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है. घटना के बाद पीड़ित पक्ष में चकेरी थाने में मामले की तहरीर दी है.

चकेरी सनिगवां कांशीराम कॉलोनी निवासी किन्नर रोली गुड़िया के अनुसार उनके क्षेत्र में नौबस्ता की नीलम नायक किन्नर अपने लोगों के साथ बधाई लेने आती हैं. इसको लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है. इसी खुन्नस में बुधवार देर रात वह कार से जा रही थीं। तभी विश्वकर्मा मंदिर के पास पहले से घात लगाये बैठे कार सवार आरोपित नीलम नायक, विनीता यादव, काजल और नैना समेत बीस अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद आरोपितों ने उनसे मारपीट भी की. साथ ही पथराव कर करीब पांच राउंड फायरिंग भी की. गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी.

रोली गुड़िया ने बताया कि आरोपितों ने उनके पेट में चाकू मारकर हत्या करने का प्रयास किया. आरोप है कि आरोपित ने उनके पास नकदी व सोने के जेवर समेत पांच लाख का माल भी लूट लिया. सूचना पाकर मौके पर पुलिस कर्मी भी पहुंचे और बीच बचाव का प्रयास किया लेकिन आरोपितों ने पुलिस से भी हाथापाई की. बवाल करने के बाद आरोपित मौके से भागने लगे. तभी मौके पर सनिगवां चौकी प्रभारी अमित खटाना ने आरोपितों का पीछा किया और एक आरोपित समेत कार को पकड़ लिया. बाकी अन्य आरोपित मौके से भाग निकले.

घटना के बाद रोली गुड़िया निजी अस्पताल में अपना इलाज करवा रही हैं. वहीं घायल अन्य तीनों किन्नरों ने कांशीराम अस्पताल में उपचार कराया. साथ ही उन्होंने चकेरी पुलिस को मामले की तहरीर भी दी. थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *