राम मंदिर के नाम से मातम करने वाले दान-चढ़ावे की चिंता ना करें, विपक्ष पर बरसे अनुराग ठाकुर

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
यूपी में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस मामले पर सियासत तेज हो गई. इसी क्रम में राम मंदिर का चढ़ावा चोरी होने के आरोपों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर विपक्ष पर जमकर बरसे. अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो लोग राम मंदिर के विरोधी रहे हैं, वह आज आरोप लगा रहे हैं. राम मंदिर के नाम से मातम करने वाले दान-चढ़ावे की चिंता ना करें और न ही राजनीतिक रोटियां सेंकनी चाहिए.

उन्होंने आगे कहा कि ये ऐसे लोग हैं, जो रामभक्तों पर अत्याचार करते रहे हैं, इनसे सावधान रहें. इस मसले को सरकार ने गंभीरता से लेते हुए एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं. जो भी दोषी होगा, उसे सजा जरूर मिलेगी. श्रीराम जन्म भूमि ट्रस्ट ने स्वयं एसआईटी जांच के लिए कहा था. मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कानपुर शहर में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में हिस्सा लेने आए अनुराग ठाकुर ने परमट स्थित बाबा आनन्देश्वर के दर्शन किए. मंदिर परिसर में ही पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग राम मंदिर के नाम पर तंज कसते थे लेकिन हमने जो कहा वह करके दिखाया. राम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाकर दिखाया है.

बंगाल में जनता को गुंडाराज से मिली मुक्ति: अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल पर कहा कि वहां भाजपा की जीत से जनता को गुंडाराज से मुक्ति मिल गई है. अब वहां डबल इंजन की सरकार है। प्रदेश तेजी से विकास करेगा. टीएमसी के 20 बागी सांसदों के सवाल पर उनका कहना था कि ये सांसद देश और जनता के हित में अपना फैसला ले रहे हैं. ये सांसद दीदी और अभिषेक बनर्जी के अत्याचारों से त्रस्त आ चुके थे. सांसदों ने कमीशन और तुष्टीकरण की सरकार का साथ छोड़कर एनसीपीआई में आकर भाजपा की डबल इंजन सरकार का साथ देने का निर्णय लिया है.

जहां टीएमसी का झंडा, वहां टीएमसी का गुंडा: अनुराग ठाकुर ने कहा कि बंगाल में तो जहां टीएमसी का झंडा, वहां टीएमसी का गुंडा जैसी स्थिति हो गई थी. हर कोई अत्याचार से परेशान था. अब वहां न तो भ्रष्टाचारी बचेगा और न ही कोई घुसपैठिया। कानून के हाथों से कोई छूट नहीं पाएगा। सत्ता से जाने के बाद पूरा कुनबा बिखर गया है। नीट पेपर लीक प्रकरण पर कहा कि अब सशस्त्रबल और वायु सेना की मदद ली जाएगी. नीट वाले दिन इंस्टाग्राम के बंद रखने के सवाल पर कहा कि जो भी कदम उठाए जा सकते हैं वह जरूर उठाए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *