कानपुर में बिठूर के मंधना मेला ग्राउंड में बुधवार रात खनन वर्चस्व को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई. छह कारों से आए करीब 18 युवकों ने रॉड से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गए.
बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना स्थित मेला ग्राउंड में बुधवार देर रात खनन के वर्चस्व को लेकर खूनी जंग से हड़कंप मच गया. छह कारों में सवार होकर आए करीब डेढ़ दर्जन युवकों ने वहां मौजूद लोगों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. दहशत फैलाने के लिए हमलावरों ने हवा में दो राउंड फायर भी किए. जवाब में स्थानीय लोगों ने भी पथराव कर दिया.
इसके बाद हमलावर अपनी गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर मंधना मेला ग्राउंड में बैठे लोगों के पास पहुंचे और एक युवक के बारे में पूछताछ करने लगे. कुछ ही देर में बातचीत मारपीट में बदल गई. हमलावरों ने रॉड से लोगों को पीटना शुरू कर दिया, जिसमें रामदेवीपुरम निवासी लालू का सिर फट गया और बहलोलपुर के रचित त्रिपाठी का माथा फूट गया.
सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. घायलों को इलाज के लिए तड़के सीएचसी बारासिरोही भेजा गया है. कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. खनन के वर्चस्व से जुड़ी इस घटना को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं.
















Leave a Reply