पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी में महिला मित्र के साथ रह रहे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने महिला मित्र और उसके भाई-बहनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बाद में पोस्टमार्टम हाउस में भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई.

मृतक धीरज सक्सेना (फाइल फोटो)
12 साल से महिला मित्र के साथ रह रहा था युवक:मूल रूप से फजलगंज पानी की टंकी के पास रहने वाले 35 वर्षीय धीरज सक्सेना क्रेन चालक थे. परिजनों के अनुसार धीरज के एक तलाकशुदा महिला से प्रेम संबंध थे. इसी कारण वह पिछले करीब 12 वर्षों से महिला के साथ चकेरी की कांशीराम कॉलोनी में रह रहे थे. यह आवास महिला की मां रामदेवी को आवंटित हुआ था। धीरज के परिवार में चार भाई और तीन बहनें हैं.
रात में फंदे पर लटका मिला शव: परिजनों के मुताबिक गुरुवार देर रात करीब 2 बजे धीरज का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे.

बेटे धीरज की मौत पर बिलखती मां रामदेवी.
मृतक की बहन विनीता ने आरोप लगाया कि संपत्ति हड़पने की नीयत से महिला मित्र, उसकी बेटी और उसके भाई-बहनों ने मिलकर धीरज की हत्या की है. उनका कहना है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया.
अस्पताल पहुंचने के बाद मिली जानकारी: परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई। महिला मित्र ने कांशीराम अस्पताल पहुंचने के बाद घटना की सूचना दी, जिससे परिवार के लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.
पोस्टमार्टम हाउस में भी मृतक के परिजनों और महिला मित्र के परिवार के बीच विवाद हो गया. इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई की नौबत आ गई.
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मौत के सही कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
















Leave a Reply