कल्याणपुर में SBI एटीएम में शॉर्ट सर्किट से आग, टला हादसा; समय रहते काबू पाया

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित दलहन क्रॉसिंग के पास बने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम में बुधवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. एटीएम के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया.

शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका: एटीएम में तैनात गार्ड रोहित ने बताया कि अनुसार वह सुबह करीब 11 बजे एटीएम के अंदर बैठा था उसी समय एटीएम के भीतर अचानक धुआं उठने लगा. कुछ ही देर में आग फैल गई, रोहित ने तत्काल डायल-112 और फायर विभाग को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई.

फायर कर्मियों ने एटीएम का बिजली कनेक्शन बंद कर आग बुझाने शुरू किया. कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. आग लगने के दौरान एटीएम में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई. हालांकि आग की वजह से एटीएम के अंदर लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वायरिंग को नुकसान पहुंचा है.

गार्ड रोहित ने बताया कि एटीएम के अंदर लगे एयर कंडीशनर (एसी) के पास अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई. देखते ही देखते धुआं पूरे एटीएम कक्ष में भर गया. उन्होंने तुरंत अधिकारियों को सूचना देकर राहत कार्य शुरू कराया. पुलिस और फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.

अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. आसपास की दुकानों और भवनों तक आग फैल सकती थी. फायर विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर आग या शॉर्ट सर्किट की घटना दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बड़े हादसे को रोका जा सके.

थाना प्रभारी बोले- कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि आग पर कुछ घंटो में काबू पा लिया गया था. गार्ड ने पुलिस को सूचना दी थी फिलहाल पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *