कानपुर में 33 मुकदमों वाला गैंगस्टर अजय ठाकुर अरेस्ट, चिल्लाया एनकाउंटर के डर से

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रावतपुर में महंत की हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर अजय ठाकुर को पुलिस ने रतनलाल नगर से अरेस्ट कर लिया है. रतन लाल नगर में शनिवार दोपहर कार वाशिंग सेंटर के पास गैंगस्टर की लोकेशन मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची फोर्स ने उसे दबोच लिया.

एनकाउंटर के डर गैंगस्टर चिल्लाते हुए बोला – अगर मुझे कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार ये लोग होंगेउसके बाद पुलिस टीम उसे जीप में लादकर ले गयी. गैंगस्टर के खिलाफ 33 मुकदमें है.

29 अप्रैल को महंत की हत्या का किया था प्रयास: 29 अप्रैल को केशवपुरम के राणा प्रताप नगर स्थित त्रिलोकी धाम आश्रम के महंत रविकांत शुक्ला उर्फ भोला गिरी पर हमला किया गया था. इस मामले में गैंगस्टर अजय ठाकुर और उसके साथियों पर आरोप लगा था. महंत के मुताबिक आश्रम के पास रहने वाली एक छात्रा से मिलने अजय ठाकुर अक्सर आता था। उन्होंने कई बार इसका विरोध किया, जिसके बाद अजय उनसे रंजिश मानने लगा था.

महंत का आरोप है कि 29 अप्रैल की शाम अजय अपने साथियों के साथ आश्रम पहुंचा और गेट खुलते ही हमला कर दिया. जान बचाने के लिए उन्हें कमरें भागना पड़ा, जबकि हमलावरों ने बाहर से पथराव भी किया था. पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर, उसकी गर्लफ्रेंड और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. इसके बाद से आरोपी फरार गैंगस्टर की तलाश में जुटी थी.

43 दिन में पोस्ट की थी 25 रील: रावतपुर में आश्रम पर पथराव के बाद फरार चल रहा गैंगस्टर अजय ठाकुर ने 43 दिन में 25 रील सोशल मीडिया पर अपलोड की थी जिसमें वह भाजपा का स्टीकर लगी गाड़ियों के काफिले में शामिल था। इसके साथ ही वह गाड़ियों की छत पर चढ़कर स्टंटबाजी करता दिख रहा था. वहीं एक पोस्ट में वह कोतवाली थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित Z SQUARE मॉल के बाहर अपने गुर्गों के साथ कार की बोनट पर खड़े होकर सिगरेट का धुआं उड़ाता दिखाई दे रहा था जिसपर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.

गैंगस्टर की मां बोली-पुलिस बच्चे पर बहुत अत्याचार कर रही: गैंगस्टर की गिरफ्तारी की खबर पाते ही उसकी मां एनकाउंटर के डर से रावतपुर थाने पहुंची, जहां उन्होंने कहा कि मैं हाथ जोड़कर मोदी और योगीजी से विनती करतीं हूं, कि हमारे बच्चे को पुलिस ने जबरन रास्ते से पकड़ा है. उसे मां से मिलने नहीं दिया जाता है. पुलिसवाले कहते हैं कि तुम्हारे लड़के का एनकाउंटर कर देंगे। हम कहां जाएं ? पुलिस प्रशासन बहुत परेशान किए है.

योगी जी से विनती है कि पुलिस प्रशासन हमारे बच्चे के ऊपर बहुत अत्याचार कर रही है. इसमें आज जांच करिए, पुलिस प्रशासन मुझे बहुत परेशान कर रहा है. यह वीडियो AJAY_THAKUR1525 की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *